डॉ प्रशांत मिश्र की पुस्तक “एक राधा गीत गाती है” भाव, भक्ति और काव्य-सौंदर्य का उत्कृष्ट प्रतिरूप

Share
हिंदी काव्यधारा में राधा-कृष्ण प्रेम की परंपरा सदियों से संवेदना और आध्यात्मिकता का आधार रही है। इसी परंपरा को नवीन ऊँचाइयों पर प्रतिष्ठित करता है कवि एवं पत्रकार  डॉ. प्रशांत मिश्र ‘मन’ का काव्य-संग्रह “एक राधा गीत गाती है”। यह कृति केवल गीतों का संकलन नहीं, बल्कि प्रेम, विरह और भक्ति के सूक्ष्मतम अनुभवों का सजीव दस्तावेज है। इस संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता इसकी मंजे हुए साहित्यिक शिल्प में निहित है। प्रत्येक रचना में भाषा की परिपक्वता, भावों की गहराई और अभिव्यक्ति की सहजता अद्भुत सामंजस्य के साथ उपस्थित है। कवि ने शब्दों को केवल सजाया नहीं, बल्कि उनमें आत्मा का स्पंदन भर दिया है, जिससे हर गीत पाठक के हृदय में प्रतिध्वनित होता है। पुस्तक में संकलित 49 रचनाएँ प्रेम के विविध आयामों—प्रतीक्षा, विरह, मिलन, समर्पण और आध्यात्मिक उत्कर्ष—को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करती हैं। “मन हमारा फूट कर रोया”, “तुमको गीत बनाकर गाना”, “पूर्णिमा की रात आई पर” जैसे गीतों में संवेदना की गहनता और अनुभूति की प्रामाणिकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-protest-demanding-road-construction/
डॉ. प्रशांत मिश्र ‘मन’ एक ऐसे सशक्त कवि के रूप में उभरते हैं, जिनकी रचनाएँ केवल पाठ्य नहीं, बल्कि अनुसंधान योग्य साहित्य का स्वरूप धारण करती हैं। उनकी कविता में पारंपरिक भावभूमि और आधुनिक संवेदनशीलता का अद्वितीय संगम है, जो हिंदी साहित्य को एक नई दिशा प्रदान करता है।
भाव, भाषा एवं अभिव्यक्ति तीनों ही दृष्टियों से यह काव्य-संग्रह सर्वोत्तम प्रतीत होता है। राधा यहाँ केवल एक पात्र नहीं, बल्कि प्रेम की पराकाष्ठा और भक्ति की परम अनुभूति का प्रतीक बनकर उभरती हैं। कवि ने राधा के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं को दिव्यता के स्तर तक प्रतिष्ठित किया है, जो पाठक को आत्मिक आनंद से भर देता है। “एक राधा गीत गाती है” एक ऐसी काव्य-कृति है, जो अपनी भाव-संपन्नता, साहित्यिक परिपक्वता और मधुर अभिव्यक्ति के कारण हिंदी गीत-साहित्य में विशिष्ट स्थान की अधिकारी है। यह संग्रह न केवल पाठकों को भाव-विभोर करता है, बल्कि साहित्य के गंभीर अध्येताओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण अध्ययन सामग्री के रूप में स्थापित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *