नगर पालिका का 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित,

Share
किरतपुर । नगर पालिका बोर्ड की मासिक बैठक आज प्रातः साढ़े ग्यारह बजे नगर पालिका हॉल में आयोजित की गई, जिसमें नगर के सभी वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 42 करोड़ 7 लाख 55 हजार रुपये का भारी-भरकम बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। जोकि पिछले साल के मुकाबले 5 करोड़ 79 लाख 35 हजार ज्यादा है।read more:https://khabarentertainment.in/shruti-sharma-of-bijnor-became-cdo-of-hapur/
बजट पारित होने के साथ ही नगर के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बैठक के दौरान विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। ‘नारी शक्ति वंदना योजना’ के अंतर्गत वर्ष 2026 के ठेकों की नीलामी एवं स्वीकृति पर विचार किया गया। इसके साथ ही नगर के सभी नालों की तली झाड़-सफाई कराने का प्रस्ताव भी पारित हुआ, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर में लगे वाटर कूलरों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। वहीं आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों के वर्तमान ठेकों, मानदेय वृद्धि और व्यवस्था में सुधार पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पालिका के ठेकों के नवीनीकरण एवं पंजीकरण को वर्ष 2026-27 के लिए मंजूरी दी गई। नगर में लगे इंडन मार्का हैंडपंपों में जो खराब पाए गए हैं, उनकी रिबोरिंग कराने का प्रस्ताव भी पास हुआ। साथ ही मंडावर रोड पर भारी ओवरलोड वाहनों के दिन में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त सफाई एवं विद्युत विभाग के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, गौ-आश्रय स्थल के संरक्षण एवं पशुओं के भरण-पोषण के लिए भूसे की व्यवस्था तथा  नए टीन शेड बनाने पर भी विचार कर स्वीकृति प्रदान की गई। सड़क पर पाइपलाइन परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई। बैठक में लिए गए इन फैसलों से नगर में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनसुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *