गाजीपुर । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद गाजीपुर में आगामी 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां में भी एक साथ संपन्न होगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रतिष्ठानों में भी लोक अदालत के माध्यम से वादों के निस्तारण की प्रक्रिया चलाई जाएगी।
इस संबंध में गुरुवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत, शक्ति सिंह ने की। इस दौरान लोक अदालत के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।read more:https://khabarentertainment.in/strictness-on-cheating-dm-ssp-conducts-surprise-inspections-at-centres-before-home-guard-recruitment-exam/
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के पूर्णकालिक सचिव नीरज गोंड ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार इस बार भी विभिन्न प्रकार के मामलों को लोक अदालत में प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। इनमें उत्तराधिकार प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरण, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक विवाद, धारा-138 एन.आई. एक्ट के मामले, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, चकबंदी, श्रम एवं उपभोक्ता फोरम से जुड़े वाद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त वाट-माप प्रचलन अधिनियम, कराधान से जुड़े प्रकरण, बिजली चोरी के मामले तथा अन्य सुलह योग्य विवादों को भी लोक अदालत में शामिल किया जाएगा। विशेष रूप से वैवाहिक विवादों को सुलह-समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कर अधिक से अधिक मामलों को समाधान की दिशा में लाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिकाधिक वादों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करें, ताकि आपसी सहमति के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण संभव हो सके। इस अवसर पर 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जनपद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति बनी, जिससे आम नागरिक अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठा सकें। बैठक में सूचना विभाग के आमिर अंसारी सहित जनपद के वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित रहे।