टैक्सी सवार महिला का शातिराना ढंग से पर्स किया पार, ‘लेडी गैंग’ पर गहराया शक

Share
– झपकी का फायदा उठाकर कीमती जेवरात ले उड़ीं संदिग्ध महिलाएं, पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में चलती टैक्सी के अंदर टप्पेबाजी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शातिर अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए अज्ञात महिलाओं ने एक यात्री महिला का पर्स पार कर दिया। खास बात यह है कि पीड़िता ने पर्स ब्लाउज के अंदर सुरक्षित रखा था, इसके बावजूद बदमाशों ने बड़ी सफाई से चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कांधेमई मिल्किया निवासी सीमा देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह अपने पुत्र ऋतिक के साथ मायके अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव भरापुरा से वापस लौट रही थीं। कायमगंज के ट्रांसपोर्ट चौराहे से वह टैक्सी में सवार होकर फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुईं। रास्ते में सफर के दौरान महिला को हल्की झपकी आ गई। इसी दौरान अज्ञात टप्पेबाजों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनका पर्स चोरी कर लिया। पीड़िता के अनुसार, पुल गालिब के पास से दो संदिग्ध महिलाएं टैक्सी में चढ़ी थीं और टेढ़ीकोन पहुंचते ही उतर गईं। जब सीमा देवी करुआपुर गांव के पास टैक्सी से उतरीं और किराया देने के लिए पर्स देखा, तो वह गायब था। पर्स में सोने की जंजीर, कमर का गुच्छा, सोने के झाले सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता मौके पर ही रोने लगी, जिससे वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची कस्बा चौकी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में दो संदिग्ध महिलाओं की भूमिका सामने आने से ‘लेडी टप्पेबाज गैंग’ की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं जरूरी सलाह के साथ पुलिस का कहना है कि चलती गाड़ियों में सफर के दौरान सतर्कता बेहद जरूरी है। अनजान लोगों से दूरी बनाए रखें और कीमती सामान को सुरक्षित व नजर में रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *