रायबरेली जिले के परशदेपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मधुकरपुर में 15 अप्रैल की रात कुछ लोगों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा ग्राम समाज की भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के स्थापित कर दी गई। 16 अप्रैल की सुबह भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सलोन उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी यादवेन्द्र पाल, डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन, नसीराबाद व सलोन थाना प्रभारी सहित नायब कानूनगो, लेखपाल और परशदेपुर चौकी प्रभारी मोहित शर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से बातचीत कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रशासन ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए देर रात लगभग 11 बजे प्रतिमा को सम्मानपूर्वक हटवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक या ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने से पहले विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य है। साथ ही लोगों से कानून का पालन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।