आजमगढ़।भीषण गर्मी के बीच मेहनगर विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। नगर पंचायत मेहनगर के वार्ड संख्या 3, संत कबीर नगर में गुरुवार को 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 100 से अधिक घरों और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया और लोगों के सामने पेयजल का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के फुंकने से पूरे मोहल्ले की दिनचर्या अस्त व्यस्त हो गई है। बिजली गुल होने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए हैं। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं। पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत सबसे अधिक खराब हो रही है।ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड, जर्जर विद्युत उपकरण और समय पर रखरखाव न होने की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मरों का रखरखाव और लोड का सही प्रबंधन किया जाता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।क्षेत्र के निवासी विनोद विश्वकर्मा, लालता, शिवदास मौर्य, सुरेंद्र राय सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के इस मौसम में एक एक घंटा बिना बिजली के गुजारना मुश्किल है और कई घंटे बीत जाने के बाद भी समाधान नहीं होना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।read more:https://pahaltoday.com/on-the-147th-foundation-day-of-the-bjp-workers-lit-lamps-and-paid-tribute-to-great-men/स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग हर माह समय से बिल वसूलने में तत्पर रहता है, लेकिन जब ट्रांसफार्मर फुंक जाता है या बिजली व्यवस्था ध्वस्त होती है, तब उपभोक्ताओं को घंटों और कई बार दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है।क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि मेहनगर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले सभी ट्रांसफार्मरों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और जर्जर विद्युत ढांचे का तत्काल नवीनीकरण किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।अब लोगों की निगाहें विद्युत विभाग पर टिकी हैं। सवाल यही है कि आखिर नया ट्रांसफार्मर कब लगेगा और भीषण गर्मी में अंधेरे में जी रहे सैकड़ों लोगों को राहत कब मिलेगी।