सोनभद्र। भारतीय पत्रकार एसोसिएशन द्वारा आयोजित 10वें स्थापना दिवस एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह का भव्य आयोजन रेणुकूट स्थित कल्याण मंडपम (हिंडाल्को हॉस्पिटल के सामने) में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।read more:https://pahaltoday.com/dharmananda-blood-bank-inaugurated-blood-donors-donated-blood/
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार विवेक कुमार पाण्डेय सहित संगम पांडेय, शिव प्रकाश पाडेय, राम जी गुप्ता, सबनम खां, भानू सिंह सहित अन्य पत्रकारों को संस्था की ओर से पत्रकार गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर उपस्थित लोगों ने सभी पत्रकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता का विशेष महत्व है। पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता समाज को सही दिशा प्रदान करती है। वरिष्ठ पत्रकार विवेक पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया की भूमिका तेजी से बढ़ी है। ऐसे में लोगों को किसी भी वीडियो या सूचना को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच कर सोच-समझकर साझा करना चाहिए, ताकि भ्रामक और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। कार्यक्रम में भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष लल्लन गुप्त, महामंत्री नईम गाजीपुरी, प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) रामाश्रय राय, संयोजक अखिलेश कुमार मिश्रा, बृजेश सिंह, राकेश शरण मिश्र, रामजी गुप्ता आदि पत्रकार उपस्थित रहे।