कमजोर नजर से नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई, छह हजार को मिलेंगे चश्मे

Share

बाराबंकी। बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय से पहचान और उनके निराकरण के लिए जिले में ‘मिशन विजन फॉर चिल्ड्रेन’ के तहत ‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत अगले एक वर्ष में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले पांच से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की दृष्टि जांच कर करीब छह हजार जरूरतमंद बच्चों को टेस्टेड चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान के प्रथम चरण में चिन्हित 556 बच्चों को चश्मे उपलब्ध कराने की शुरुआत सोमवार को हुई। कंपोजिट विद्यालय संदौली की कक्षा आठ की छात्राओं सीमा, सायमा और इकरा को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने चश्मे पहनाकर अभियान का शुभारंभ किया। चश्मे मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। अभियान के पहले चरण में करीब 500 चश्मे आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. वीके जैन के सहयोग से उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा पेट्रोल पंप एसोसिएशन समेत कई सामाजिक और प्रतिष्ठित संगठनों ने भी अभियान में सहयोग की पहल की है। सहयोग करने वाले संगठनों और लोगों को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ डीएम ने प्रतिष्ठित नागरिकों और सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़कर जरूरतमंद बच्चों के लिए चश्मे उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या का समय पर पता लगना जरूरी है। कमजोर दृष्टि का असर बच्चों की पढ़ाई, सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास पर पड़ सकता है। अभियान का उद्देश्य ऐसे बच्चों की समय से पहचान कर उन्हें आवश्यक दृष्टि सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे कोई बच्चा कमजोर नजर के कारण शिक्षा और विकास के अवसरों से वंचित न रहे। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चे विद्यालय में चश्मा पहनकर आएं और घर पर भी नियमित रूप से उसका इस्तेमाल करें। जिलाधिकारी ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम तथा बच्चों के चिन्हीकरण और दृष्टि परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं नेत्र सर्जन डॉ. संजय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान बच्चों की दृष्टि सुधारने के साथ उनके स्वस्थ, आत्मविश्वासी और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *