म्योरपुर, सोनभद्र। बारिश के कारण दुद्धी विकासखंड के आश्रम मोड़ दुद्धी मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत झारो स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/राहगीरों के अनुसार अंडरब्रिज के नीचे पानी भर जाने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। इससे दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर रहे हैं, जबकि सामने से आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। जलभराव के चलते लोगों को रोजाना जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। गुरुवार को आश्रम मोड़ से दुद्धी जा रहे बाइक सवार प्रशांत दुबे ने बताया कि अंडरब्रिज के पास सामने से आ रहे चारपहिया वाहन को देखकर जैसे ही उन्होंने ब्रेक लगाया, बाइक अनियंत्रित हो गई। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। इसी तरह दुद्धी से आश्रम मोड़ की ओर जा रहे विजय भी जलभराव के कारण हादसे का शिकार होने से बच गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों तथा जिला प्रशासन से अंडरब्रिज में जमा पानी की तत्काल निकासी कराने और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान यहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।