शक्तिनगर-अनपरा मुख्य मार्ग पर ट्रेलरों का कब्जा, सड़क के राजा बने भारी वाहन

Share

बीना, सोनभद्र। शक्तिनगर-अनपरा मुख्य मार्ग इन दिनों आवागमन का रास्ता कम और कोयला परिवहन में लगे भारी ट्रेलरों की अस्थायी पार्किंग अधिक दिखाई दे रहा है। बोदरा बाबा (खड़िया बाजार) के आसपास सड़क के दोनों ओर लंबी कतार में खड़े ट्रेलरों ने मार्ग को संकरा बना दिया है। नतीजतन हर दिन जाम लग रहा है और हजारों राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे घंटों और कई बार दिनों तक खड़े रहने वाले ट्रेलरों के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रहती है। आमने-सामने से वाहन आने पर लंबा इंतजार करना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क संकरी होने से किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों कोयला लदे ट्रेलरों का संचालन होता है, लेकिन उनके ठहराव के लिए कोई व्यवस्थित पार्किंग नहीं है। परिणामस्वरूप चालक मुख्य सड़क को ही पार्किंग स्थल बना देते हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/लोगों का कहना है कि समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यातायात नियमों की अनदेखी खुलेआम हो रही है, लेकिन कार्रवाई नाममात्र की होती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से मांग की है कि मुख्य मार्ग से ट्रेलरों का अवैध ठहराव तत्काल समाप्त कराया जाए, भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल विकसित किया जाए तथा नियमित अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण जैसी स्थिति से मुक्त कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *