ललितपुर- जनपद ललितपुर में भारत की जनगणना–2027 के द्वितीय चरण का कार्य आगामी 16 नवम्बर, 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय और वैधानिक कार्य को शत-प्रतिशत शुद्धता और सफलता के साथ संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों से अपील की है। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यगण, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सभासदगण तथा ग्राम पंचायतों के प्रशासक/निवर्तमान ग्राम प्रधानों से प्रत्येक वार्ड, मजरा, टोला, मोहल्ले और परिवार के अंतिम व्यक्ति तक जनगणना का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया है। जनगणना–2027 के कार्यक्रम के अनुसार, नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की अवधि 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान नगरवासी और ग्रामवासी घर बैठे स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर कंप्यूटर या मोबाइल के माध्यम से अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना होगा और घर आने वाले प्रगणक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। इसके पश्चात, 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। जनगणना का संदर्भ समय 05 जनवरी, 2027 को प्रातः 00:00 बजे निर्धारित है, तथा किसी भी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से ग्राम सभा की खुली बैठकों, चौपालों और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (VHSNC) की बैठकों में जनगणना संवाद आयोजित करने की अपेक्षा की है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ इसके साथ ही ग्राम पंचायत भवन, राशन की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों, स्वास्थ्य उप-केंद्रों, दुग्ध संकलन केंद्रों और गौशालाओं जैसे सार्वजनिक स्थलों पर अनुमोदित पोस्टर व बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों, ई-रिक्शा, साप्ताहिक हाट-बाजारों तथा ग्राम पंचायतों व युवाओं के व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया समूहों के माध्यम से स्थानीय भाषा में जनगणना की तिथियों व आधिकारिक संदेशों का प्रचार करने को कहा गया है। प्रगणकों के सहयोग और भ्रांतियों के निवारण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय एवं सुरक्षित रहेंगी। यदि कहीं भी जनगणना को लेकर कोई भ्रांति या अफवाह फैलती है, तो तत्काल उसका तथ्यात्मक समाधान करते हुए उच्चाधिकारियों (चार्ज अधिकारी तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका या जिला पंचायत राज अधिकारी) को सूचित किया जाए। चूंकि जनगणना एक राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए किसी भी प्रचार सामग्री में राजनीतिक व्यक्तियों के चित्र, नाम या संदर्भ का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा और केवल प्रशासन द्वारा अनुमोदित संदेश व आधिकारिक लोगो/शुभंकर का ही उपयोग किया जाएगा।अंत में जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों के सक्रिय नेतृत्व तथा नगरवासियों और ग्रामवासियों के सहयोग से जनपद ललितपुर में जनगणना–2027 का कार्य पूर्ण शुद्धता और सफलता के साथ संपन्न होगा।