गाजीपुर । आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय बैठक हुई। जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान के कार्यक्रमों, विभागवार तैयारियों और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन सूची तैयार की जाए। पिछले वर्षों में जनपद में हुए विकास कार्यों और योजनाओं से आए बदलावों का विवरण, फोटो, वीडियो तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी संकलित की जाएं। उन्होंने विकास कार्यों और लाभार्थियों के ‘पहले और बाद’ के बदलाव को प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती के साथ समयबद्ध ढंग से कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्र तक समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा और प्रतिदिन की प्रगति दर्ज की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/
दीप प्रज्वलन से होगी अभियान की शुरुआत
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने लोगों को अपने घरों में भी दीप जलाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। प्रमुख परियोजनाओं, स्थलों और सरकारी भवनों सहित विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम से पहले सरकारी भवनों, स्मारकों, गो-आश्रय स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।अभियान के दौरान दिव्यांगजनों को उपकरण तथा उद्यम विभाग की ओर से लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। अनाथालय और वृद्धाश्रमों में सेवा गतिविधियां संचालित करने के साथ बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता समेत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, अखंड ज्योति यात्रा और अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड और विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, पात्रता सत्यापन और यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान को केवल सरकारी आयोजन तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और नगरीय क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस और माई भारत वॉलंटियर्स को जोड़ा जाए।उन्होंने एनसीसी के माध्यम से मानव श्रृंखला आयोजित कराने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की गतिविधियों का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।