सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई की ओर से रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के अवसर पर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने एक-दूसरे को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा ने तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया था। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की पहचान, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग साहस और त्याग, सफेद रंग सत्य और शांति तथा हरा रंग समृद्धि और विकास का संदेश देता है।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/ जबकि अशोक चक्र निरंतर प्रगति, न्याय और कर्तव्य का प्रतीक है। उन्होंने व्यापारियों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से तिरंगे के इतिहास और उसके आदर्शों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना और संविधान के आदर्शों का पालन करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है। शीतल टंडन ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज स्वतंत्रता संग्राम के उन अमर बलिदानियों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कांवड़ सेवा शिविर, कारगिल विजय दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन, हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, पवन गोयल, मेजर एस.के. सूरी, अनिल गर्ग, अशोक मलिक, रमेश डावर, राजीव अग्रवाल, संजय महेश्वरी, अभिषेक भाटिया, संजीव सचदेवा, बलदेव राज खुंगर सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।