सहारनपुर। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान व्यापार मंडल ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की। जिला अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश धीमान ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यापारी हितों की रक्षा के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। नरेश धीमान ने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहा है। जिला कार्यकारिणी के विस्तार से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और व्यापारी हितों की आवाज अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से व्यापारियों के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। महानगर अध्यक्ष परवीन छाबड़ा ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/ संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यापारी के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारियों के जुड़ने से संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। कार्यकारिणी विस्तार के तहत जितेंद्र नागर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संजय रस्तोगी, विमल गुप्ता एवं महाबीर जैन को जिला मंत्री तथा संजय शर्मा को सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर जिला महामंत्री राजकुमार कालरा, नवीन सिंगल, जिला कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, महानगर प्रभारी सुनील शर्मा, महानगर संयोजक राजेश सैनी, महानगर महामंत्री विजय गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाते हुए व्यापारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।