गाजीपुर/ करंडा । सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा लीलापुर स्थित महाबीर स्टेडियम में जय माँ काली क्रिकेट समिति एवं समाजसेवी अनिल कुमार के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को खेल और राजनीति दोनों का केंद्र बना रहा। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान पर जहां खिलाड़ियों ने अपने खेल का दम दिखाया, वहीं मंच से समाजवादी विचारधारा और युवाओं के भविष्य को लेकर राजनीतिक संदेश भी दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/obra-police-arrested-a-youth-with-1-kg-150-grams-of-ganja/
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक विकास महासंघ एवं यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल तथा सपा महिला महासभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह उर्फ खुशबू शामिल हुईं। आयोजकों और ग्रामीणों ने दोनों नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में सुजीत साइकिल ने युवाओं और खिलाड़ियों को समाजवादी पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो खिलाड़ियों के सम्मान, प्रशिक्षण और रोजगार के लिए विशेष नीति बनाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भावी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव युवाओं, किसानों, गरीबों और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से साइकिल चुनाव चिन्ह का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि गांव और गरीब की आवाज को मजबूत करने के लिए समाजवादी सरकार जरूरी है। उनके भाषण के दौरान मैदान में मौजूद युवाओं और ग्रामीणों ने तालियों से समर्थन जताया। कार्यक्रम में सपा महिला महासभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह उर्फ खुशबू ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। टूर्नामेंट के दौरान दलित बस्ती के लोगों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। स्थानीय युवाओं ने खेल प्रतियोगिता को सामाजिक एकता और प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच बताया। आयोजन को सफल बनाने में कोच देवानंद लोहार, विकास यादव, ऋषभ यादव, कमलेश चौधरी समेत समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
पूरे आयोजन के दौरान महाबीर स्टेडियम खेल प्रेमियों और राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना रहा।