सहारनपुर। सहारनपुर टेक्सटाइल प्रीमियर लीग (एसटीपीएल) का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ, जिसमें टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टेक्सटाइल रॉयल्स को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि नगर विधायक राजीव गुंबर ने दोनों टीमों के कप्तानों के साथ टॉस कराया। टॉस जीतने के बाद टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए टेक्सटाइल रॉयल्स की टीम निर्धारित ओवरों में 99 रन ही बना सकी। स्ट्राइकर्स के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इसके जवाब में टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज छह ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत के साथ चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच समाप्त होने के बाद आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को मंच पर बुलाकर ट्रॉफी और सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राजीव गुंबर ने विजेता टीम को ट्रॉफी भेंट करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की और उपविजेता टीम का भी उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर का टेक्सटाइल उद्योग केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।read more:https://worldtrustednews.in/intensive-campaign-under-mission-shakti-phase-5-0-in-ghazipur-anti-romeo-team-activated/ऐसे आयोजन उद्योग जगत और समाज के बीच आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे। दर्शकों का उत्साह इतना अधिक था कि मैदान में लगाई गई लगभग सभी कुर्सियां भर गईं और बड़ी संख्या में लोगों ने खड़े होकर पूरे मैच का आनंद लिया। प्रत्येक चैके, छक्के और विकेट पर दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा। अंतिम क्षण तक मुकाबले का रोमांच और दर्शकों का जोश देखने लायक रहा। आयोजन समिति ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। खिलाड़ियों ने इस सफल आयोजन के लिए समिति और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प दोहराया। टेक्सटाइल प्रीमियर लीग का यह फाइनल खेल प्रेमियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।