स्योहारा (बिजनौर)। नियमित टीकाकरण अभियान के अंतर्गत स्योहारा क्षेत्र में 20 अप्रैल से स्कूलों में टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्योहारा के अधीक्षक डॉ. बी.के. स्नेही ने शहर के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अभियान की शुरुआत एम.एम. स्कूल, मेरी जेसिस स्कूल, आर.एस.पी.एम. स्कूल और एम.क्यू. इंटर कॉलेज सहित अन्य सरकारी एवं निजी विद्यालयों में की गई। पहले दिन कुल 15 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों का टीकाकरण किया गया। 5, 10 और 16 वर्ष के बच्चों को लगाया जाएगा टीका
डॉ. स्नेही ने बताया कि इस अभियान के तहत 5 वर्ष, 10 वर्ष और 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को टीडी और डिप्थीरिया का टीका लगाया जाएगा। यह अभियान 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा। बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण दिवस होने के कारण इन दिनों स्कूलों में यह अभियान नहीं चलेगा। पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है टीका स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीडी टीकाकरण टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। डॉ. स्नेही ने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभाव सामान्यतः हल्के व अस्थायी होते हैं, जैसे हल्का दर्द या सूजन।
अभिभावकों से सहयोग की अपील उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, क्योंकि इन बीमारियों से बचाव का एकमात्र उपाय वैक्सीन ही है।
इस अवसर पर हेल्थ सुपरवाइजर राजेश कुमार, वीर सिंह, एनएमए शीशराम, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. मीनाक्षी सिसोदिया, एआरओ आलोक कुमार, डीईओ अनम, राशि, एएनएम, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।यह अभियान न केवल बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज को जागरूक करने का भी माध्यम बन रहा है।