गाजीपुर। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर के सचिव नीरज गोंड ने मंगलवार को वृद्धजन आवास/वृद्धाश्रम लंगड़पुर, छावनी लाइन तथा जिला कारागार गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर वृद्धजनों एवं बंदियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन व्यवस्था तथा वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में वृद्धाश्रम में पुरुष एवं महिला दोनों के रहने की व्यवस्था पाई गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरा, पंखा, कुर्सी, टेबल एवं चौकी सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया गया। सचिव ने वृद्धजनों से संवाद कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी।read more:https://pahaltoday.com/district-panchayat-member-representative-distributed-kits-to-sanitation-workers/ बताया गया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले लोगों को निर्धारित मीनू के अनुसार सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम का नाश्ता तथा रात्रि भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद जिला कारागार गाजीपुर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर के दौरान बंदियों को लीगल एड हेल्प डेस्क, निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा, जेल अपील एवं अन्य कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। सचिव ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बीमार बंदियों के उपचार को लेकर कारापाल एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जेल लीगल क्लीनिक को सक्रिय रखते हुए निरुद्ध बंदियों को समय से समुचित विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। कारागार परिसर में साफ-सफाई एवं मच्छरों से बचाव हेतु नियमित दवा छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर कारागार के अधिकारीगण एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल गाजीपुर के सदस्य उपस्थित रहे।