गाजीपुर। बरसात के मौसम में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान विद्युत पोल, टूटे तार, ट्रांसफार्मर और लटकती केबलों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।उन्होंने कहा कि बारिश और आंधी-तूफान के दौरान बिजली की लाइनों में फॉल्ट, तार टूटने और पोल में करंट उतरने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जनहानि और पशुहानि की घटनाएं हो सकती हैं। इन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग पूरी तरह अलर्ट है तथा जनपद स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/
जिलाधिकारी ने बताया कि यदि कहीं भी बिजली का तार टूटकर गिरा हो, कोई केबल लटक रही हो, पोल में करंट आ रहा हो या ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग जैसी समस्या दिखाई दे तो उसे छूने का प्रयास बिल्कुल न करें। इसकी तत्काल सूचना विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9453047253 पर दें, ताकि विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित ढंग से समस्या का समाधान कर सके।
उन्होंने लोगों से कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर लगे विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर के पास जाने से बचें। बरसात का पानी बिजली का अच्छा सुचालक होता है और करंट कई मीटर तक फैल सकता है। बच्चों को भी विद्युत पोलों के आसपास खेलने से रोकने की सलाह दी गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि विद्युत विभाग की लापरवाही अथवा विभागीय उपकरणों की खराबी के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसके आश्रितों को विभागीय नियमों के अनुसार 5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी जाएगी। वहीं घर के भीतर खराब वायरिंग, विद्युत उपकरणों या व्यक्तिगत लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर विभाग की ओर से कोई मुआवजा देय नहीं होगा। उन्होंने लोगों से घरों की वायरिंग समय-समय पर लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रीशियन से जांच कराने की सलाह दी।उन्होंने बताया कि जनपद में जर्जर तारों और झुके हुए विद्युत पोलों को चिन्हित कर बदला जा रहा है। किसानों से सिंचाई के दौरान नलकूपों के पास लगे विद्युत तारों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने आमजन से गीले हाथों से बिजली के स्विच और उपकरण न छूने, घरों में एमसीबी और ईएलसीबी लगाने, सोलर पैनल व इन्वर्टर की वायरिंग की नियमित जांच कराने तथा बिजली के तारों से सटी पेड़ों की टहनियों की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की। उन्होंने मीडिया से भी विद्युत सुरक्षा संबंधी संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।प्रेसवार्ता में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड विवेक खन्ना, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।