सहारनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने मंगलवार को जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र और देवबंद में चलाए गए अभियान के दौरान सात स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि पांच बसों को विभिन्न थानों में सीज कर दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/
अभियान के दौरान प्रवर्तन दलों ने स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में जिन वाहनों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं, उनके खिलाफ तत्काल मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।देवबंद थाना क्षेत्र में संस्कार भारती स्कूल की दो बसों तथा एक अन्य स्कूल बस को तलहेड़ी पुलिस चौकी पर सीज किया गया। वहीं रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक स्कूल बस को चुनहेटी पुलिस चौकी में निरुद्ध किया गया।इसी दौरान थाना नागल क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित आदर्श विद्या निकेतन के विद्यार्थियों को ले जा रही बस की जांच में फिटनेस, परमिट, टैक्स सहित कई आवश्यक दस्तावेज समाप्त पाए गए। इसके बाद बस को नगर निगम की अंबाला रोड पार्किंग में निरुद्ध कर दिया गया। परिवहन अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया, जिसमें प्रथम दृष्टया विद्यालय का भवन एवं बुनियादी ढांचा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय के विरुद्ध दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। साथ ही विद्यालय की जर्जर स्थिति एवं सुरक्षा संबंधी कमियों की जानकारी थाना नागल को भी उपलब्ध कराई गई।अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप जायसवाल तथा यात्री/मालकर अधिकारी वी.वी. शुक्ला सहित प्रवर्तन दल के अधिकारी शामिल रहे।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज कुमार सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं वाहन स्वामियों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा मोटर वाहन अधिनियम के सभी प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।