भदोही। जनपद में तीन दिन से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण लोगों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है और अब उनको काफी फजीहतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में भोर तीन बजे से ही रुक-रुककर बरसात होती रही। हालांकि सुबह स्कूल के समय बारिश थोड़ी देर के लिए थम गई, तो बच्चे स्कूल के लिए रवाना हो गए। मौसम खुशगवार होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली। लेकिन दोपहर के समय जब विद्यालयों में छुट्टी हुई तो एक बार फिर एकाएक तेज बारिश शुरू हो गई। ऐसे में बच्चे जहां थे, वहीं दुकानों और पेड़ों के नीचे खड़े होकर बारिश के थमने का इंतजार करते रहे।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/जैसे ही बरसात थोड़ी धीमी हुई तो बच्चे अपने घरों के लिए रवाना हुए, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर से बरसात शुरू हो गई। बच्चे फिर रुके और बारिश रुकने का इंतजार करते रहे। बारिश धीमी होने के बाद वे अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए। लेकिन घर पहुंचते-पहुंचते अधिकांश बच्चे पूरी तरह भीग गए। लगातार तीन दिनों से हो रही बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव दैनिक मजदूरी करने वाले मजदूरों पर पड़ रहा है। बारिश के चलते उनको काम नहीं मिल रहा है। जबकि वे प्रतिदिन काम की तलाश में नगर के भरत तिराहा के पास स्थित महादेव मंदिर पहुंच रहे हैं। जहां पर काफी संख्या में मजदूर आते हैं जिसे मजदूरों की मंडी कहा जाता है। मजदूरों को कामकाज कराने के लिए लोग मंडी में नहीं पहुंच रहे हैं। क्योंकि बरसात के कारण भवन निर्माण का काम भी रुक गया है। मजदूर काम की तलाश में रोज मंडी में पहुंच रहे हैं, लेकिन काम न मिलने के कारण वे निराश होकर घर वापस लौट जा रहे हैं।