श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर डीएम शैलेश कुमार ने की तैयारियों की समीक्षा

Share
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम शैलेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आगामी 4 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देशित किया कि जनपद की सभी तहसीलों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। सभी नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने से पूर्व उसका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के ईओ को दिए।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/उन्होंने कहा कि मंदिरों, पूजा स्थलों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा कहीं भी कूड़ा-कचरा अथवा जलभराव की स्थिति न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से मंदिरों एवं आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को पर्व के दौरान आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रमुख आयोजन स्थलों पर चिकित्सा टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।‌ उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना, झांकियों, भजन-कीर्तन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जनपद में परंपरागत रूप से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। इस मौके पर समस्त एसडीएम, समस्त सीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *