सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के 7 जुलाई को सहारनपुर महानगर में प्रथम आगमन को लेकर भाजपा महानगर इकाई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार, पुष्प वर्षा, स्वागत मंच और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि नवाब सिंह नागर का प्रथम सहारनपुर आगमन संगठन के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ता पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य कर रहा है और क्षेत्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि सहारनपुर के कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह है और उनका स्वागत गरिमापूर्ण वातावरण में किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/star-hospital-is-proving-to-be-a-boon-for-poor-and-helpless-patients/ पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। नवाब सिंह नागर के नेतृत्व में संगठन को नई गति मिलेगी। वहीं पूर्व महापौर संजीव वालिया और पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि महानगर इकाई ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है।