जमानियां (गाजीपुर)। कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रहने से स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से कर्मचारी रातभर सो नहीं सके, वहीं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी रही।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार केंद्र परिसर में बिजली आपूर्ति के लिए लगाया गया 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फॉल्ट होने के कारण पूरी रात बिजली बाधित रही। मोहित कुमार, हीरालाल, विपिन कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रहा है, जिसके चलते नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। लगातार बिजली कटौती के कारण कर्मचारियों की रातभर की नींद हराम हो गई और उन्हें भीषण गर्मी व उमस झेलनी पड़ी।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि रात में कई बार बिजली गुल होने से स्वास्थ्यकर्मी और परिसर में मौजूद लोग राहत पाने के लिए छत पर जाने को मजबूर हो गए। हालांकि छत पर बंदरों का आतंक और मच्छरों के प्रकोप के कारण वहां भी राहत नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि पूरी रात कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।डॉ. सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आई खराबी की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन देर रात तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। रात में कभी भी आपातकालीन मरीजों को भर्ती करना पड़ सकता है, ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है।स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि लगातार बिजली संकट के कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। रात में पर्याप्त नींद नहीं मिलने से अगले दिन ड्यूटी के दौरान भी परेशानी होती है। कर्मचारियों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की खराबी तत्काल दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।