फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर डिवाइडर पुताई कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय, कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गुचिलियाई निवासी अभिनंदन पुत्र परमेश्वरी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई वीरसहाय हाईवे किनारे रिलायंस पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर की पट्टी पर पुताई का कार्य कर रहा था। यह कार्य ठेकेदार अनिल पुनिया द्वारा कराया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो ट्रैफिक बैरियर लगाए गए थे और न ही किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि 2 मई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने वीरसहाय को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।read more:https://pahaltoday.com/poster-of-documentary-on-water-problem-launched-in-france/मौके पर मौजूद मजदूर उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो हादसा टल सकता था।
बताया गया कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। अब उसके दो नाबालिग बेटे हिमांशु (16) और सौरभ (11) बेसहारा हो गए हैं। परिवार के सामने पालन-पोषण और भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से अज्ञात ट्रक चालक और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतक के बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।