रेहड़। दीपावली का त्योहार हर घर में खुशियां लेकर आता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए त्योहार की खुशियां कई बार सीमित रह जाती हैं। ऐसे परिवारों के चेहरों पर भी मुस्कान लाने के लिए तहसीलदार धामपुर विपिन कुमार ने सराहनीय पहल की। उनके निर्देश पर लेखपालों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद और असहाय परिवारों के घर पहुंचकर मिष्ठान वितरित किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में शुक्रवार को रेहड़ के लेखपाल नरेंद्र कुमार ने क्षेत्र के गरीब परिवारों को मिष्ठान के डिब्बे भेंट किए। उन्होंने बुजुर्गों और बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दीपावली की खुशियों में सहभागी बने। मिष्ठान पाकर गरीब परिवारों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी। लेखपाल नरेंद्र कुमार ने बताया कि तहसीलदार धामपुर विपिन कुमार की प्रेरणा से यह पहल की गई है। इसका उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के चलते कोई भी परिवार दीपावली की खुशियों से वंचित महसूस न करे। दीपावली केवल अपने घर में दीप जलाने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का पर्व है। तहसीलदार की इस मानवीय पहल और लेखपालों के प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।