गाजीपुर। 92 यूपी बटालियन एनसीसी, गाजीपुर द्वारा आयोजित सीएटीसी-295 कैंप के चौथे दिन कैडेट्स को अनुशासन, सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कैंप कमांडेंट कर्नल अनुभव राज (सेना मेडल) के कुशल निर्देशन में कैंप की गतिविधियां निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
चौथे दिन की शुरुआत सुबह पीटी परेड से हुई। इसके बाद कैडेट्स ने नाश्ता किया और सुबह 9 बजे से ड्रिल प्रैक्टिस कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान चयनित कैडेट्स को एसएलआर के साथ ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जबकि अन्य कैडेट्स को क्वार्टर गार्ड के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा कैडेट्स को ड्रिल की बारीकियों, अनुशासन, तालमेल और सैन्य शिष्टाचार का अभ्यास कराया गया।कैंप के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ उन्हें सामाजिक सेवा, सामुदायिक विकास और समाजहित में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कैडेट्स को प्रेरित किया कि वे प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें।कैंप को सफलतापूर्वक संचालित करने में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रंजीत श्रीवास्तव, कैंप एडजुडेंट कैप्टन आरपी यादव, कैंप क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट रवि शेखर सिंह, कैंप ट्रेनिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट प्रदीप कुमार तथा कल्चरल ऑफिसर लेफ्टिनेंट सूर्य भूषण द्विवेदी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।इसके अलावा सूबेदार मेजर विनोद कुमार, सूबेदार बाल नारायण, सूबेदार भानु सिंह सहित अन्य जेसीओ एवं एनसीओ लगातार कैडेट्स के प्रशिक्षण और कैंप की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। कैंप के सिविल स्टाफ एवं लश्कर भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कैंप की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ के सामूहिक प्रयास से सीएटीसी-295 कैंप अनुशासन, प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।