उन्नाव ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को गांधी तिराहे से शास्त्री पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने तिरंगा थामकर यात्रा का शुभारंभ किया। राष्ट्रगीतों, देशभक्ति के तरानों और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के जयकारों से शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, पीआरडी जवान, बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाकर चल रहे लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना।गांधी तिराहे से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शास्त्री पार्क पहुंची। पूरे रास्ते राष्ट्रभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के साथ पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।