गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं मासिक स्टाफ बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, लंबित प्रकरणों और विभिन्न विभागों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कर-करेत्तर समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने परिवहन, वाणिज्य कर, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, ऑडिट आपत्तियों, चकबंदी, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण और मोटर देय सहित अन्य मदों में राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/इसके बाद जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मासिक स्टाफ बैठक की। उन्होंने लंबित एवं विवादित राजस्व वादों, दाखिल-खारिज सहित अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय से मिल सके।डीएम ने धारा-33, धारा-24, धारा-34, धारा-116, धारा-80 के एक वर्ष से अधिक पुराने मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं धारा-67 के मामलों में टीम गठित कर मौके का स्थलीय सत्यापन कर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने धारा-24 और धारा-116 के लंबित मामलों के लिए कार्ययोजना तैयार कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में धारा-33, ई-परवाना, खसरा फीडिंग, स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा सीमा स्तंभों की स्थिति, कृषि भूमि पट्टा, आवासीय भूमि आवंटन, कुम्हारी कला पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण एवं अंश संशोधन की प्रगति पर भी चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित पटल सहायक मौजूद रहे।