शोभित विश्वविद्यालय और उत्तम शुगर मिल्स के बीच एमओयू, शोध व कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा

Share

गंगोह (सहारनपुर)। औद्योगिक अनुसंधान एवं कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह और उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड, शेरमऊ (नकुड़) के बीच पांच वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान चीनी उद्योग, बायोएनर्जी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से शोध, प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देंगे। एमओयू के अनुसार चीनी तकनीक, एथेनॉल उत्पादन, बायोफ्यूल, ग्रीन केमिस्ट्री, वेस्ट वेलोराइजेशन, पर्यावरणीय स्थिरता और ऊर्जा दक्षता जैसे विषयों पर संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, शोध परियोजनाओं और कैंपस प्लेसमेंट के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। समझौते के तहत उद्योग विशेषज्ञ छात्रों को नवाचार परियोजनाओं में मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा पर्यावरण निगरानी, अपशिष्ट प्रबंधन, उत्पाद गुणवत्ता सुधार, परामर्श सेवाओं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं, सेमिनार और सम्मेलनों का भी संयुक्त आयोजन किया जाएगा।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/सर्कुलर इकोनॉमी, वेस्ट-टू-वेल्थ तकनीक, कार्बन उत्सर्जन में कमी, बायोमास के बेहतर उपयोग और जल संरक्षण को बढ़ावा देना भी इस साझेदारी का प्रमुख उद्देश्य रहेगा। यह समझौता शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेन्द्र की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह तथा उत्तम शुगर मिल्स की ओर से सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं यूनिट हेड डॉ. सुखविंदर जीत सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बी.एस. सिद्धू, डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह, डीन रिसर्च प्रो. (डॉ.) राजीव दत्ता तथा प्लेसमेंट हेड डॉ. नवीन कुमार भी उपस्थित रहे। दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी विद्यार्थियों को उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी तथा इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में रोजगार एवं अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *