बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के खजुरी चिर्रा गांव में तंत्र-मंत्र के दौरान कथित तांत्रिक द्वारा जीभ काटे जाने से दलित युवक सुखई की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा रविवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान परिजनों ने मंत्री से शिकायत की कि घटना के बाद टिकैतनगर पुलिस ने उनकी लिखित तहरीर लेने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति से तहरीर लिखवाकर मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया।read more:https://pahaltoday.com/city-international-school-inaugurated-in-devan/परिजनों की शिकायत सुनने के बाद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच के निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए। बताया जा रहा है कि मंत्री की फटकार के बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी कथित तांत्रिक हिदायत रसूल उर्फ गुल्ले बाबा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि खजुरी चिर्रा गांव में कथित तंत्र-मंत्र की क्रिया के दौरान दलित युवक सुखई की जीभ काटे जाने के बाद उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।