संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को लेकर स्योहारा सीएचसी में बैठक:

Share
स्योहारा (बिजनौर)। आगामी विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान के सफल संचालन को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्योहारा में ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार ने की, जिसमें स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
वर्ष का तीसरा व अंतिम अभियान 1 अक्टूबर से
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अरुण कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 का तीसरा व अंतिम विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। वहीं, घर-घर जाकर निगरानी करने वाला ‘दस्तक अभियान’ 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित होगा। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल और जन-जागरूकता पर निर्भर करती है, इसलिए सभी विभाग जमीनी स्तर पर मिलकर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें।
27 सितंबर तक जिला मुख्यालय भेजना होगा माइक्रोप्लान
सीएचसी अधीक्षक डॉ. बी. के. स्नेही ने अभियान की कार्ययोजना और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों की रोकथाम, साफ-सफाई और जनजागरण के लिए समयबद्ध तरीके से काम किया जाना आवश्यक है। डॉ. स्नेही ने निर्देश दिए कि अभियान का माइक्रोप्लान आगामी 27 सितंबर तक अनिवार्य रूप से जिले को प्रेषित किया जाए और उसी के अनुरूप सभी गतिविधियां धरातल पर क्रियान्वित की जाएं।अधिकारियों ने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और लार्वा रोधी छिड़काव, फॉगिंग तथा पेयजल स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में सीडीपीओ, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), एडीओ आशीष कुमार, हेल्थ सुपरवाइजर महिपाल सिंह, एचआई राजेश कुमार, आईओ वीर सिंह, एआरओ आलोक कुमार, बीपीएम शालिनी विश्नोई, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर मोहम्मद मुस्तकीम, मोहम्मद शामान, यशवंत सिंह, डीईओ अनम और राशि सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *