बिजनौर। लगातार हो रही बारिश के कारण उफनाई मालन नदी में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हल्दौर ब्लॉक के ग्राम कूकड़ा निवासी 43 वर्षीय रविंद्र पुत्र अतर सिंह तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार रविंद्र मंडावर थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में रावली-ब्रह्मपुरी के बीच बने रपटे को पैदल पार करने का प्रयास किया। उस समय मालन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ था और रपटे के ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा था।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद ग्रामीणों ने रविंद्र को कई बार रपटा पार न करने की सलाह दी और खतरे से आगाह किया। इसके बावजूद उन्होंने रपटा पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव में उनका पैर फिसल गया और देखते ही देखते वह नदी की धारा में बह गए।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से गोताखोरों की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने तत्काल प्रशिक्षित गोताखोरों तथा राहत-बचाव दल भेजने की मांग की।बताया गया कि यह घटना शाम लगभग चार बजे हुई। लगातार बारिश के कारण मालन नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के रपटे और पुलिया अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलमग्न रपटों को पार न करने की अपील की है।फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और रविंद्र की तलाश जारी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द राहत एवं बचाव दल पहुंचकर सर्च अभियान को तेज करेगा।