उन्नाव। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य प्रियंका सिंह के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आठ नमूने लिए और करीब 1.14 लाख रुपये कीमत के खाद्य पदार्थ सीज किए।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
सफीपुर में बिना लाइसेंस दुकान बंद
सफीपुर के खेड़ा में खाद्य विक्रेता प्रजेश यादव की दुकान पर छापेमारी के दौरान 14 किलो खोया और 3 किलो खोया अपमिश्रक बरामद हुआ। बिना पंजीकरण लाइसेंस के दुकान संचालित मिलने पर खाद्य विभाग ने परिसर बंद करा दिया।
बांगरमऊ की डेयरी में मिली गड़बड़ी
बांगरमऊ क्षेत्र के काटा गुलजारपुर स्थित सागर डेयरी में टीम को खोया निर्माण में सोडियम सल्फाइट नामक अपमिश्रक के इस्तेमाल का मामला मिला। यहां से 290 किलो खोया, 360 लीटर दूध, 8 किलो सोडियम सल्फाइट और 15 किलो घी सीज किया गया। विभाग ने डेयरी के लाइसेंस को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग ने सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा है।