वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय रेशम बोर्ड की देहरादून स्थित विभिन्न इकाइयों के वैज्ञानिकों एवं प्रभारियों ने चेन्नई में आयोजित 27वें अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन एवं रेशम उद्योग कांग्रेस (ISCC-2026) में 23 से 25 नवंबर 2026 तक सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया तथा रेशम उत्पादन के विभिन्न पहलुओं से संबंधित अपने शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए।अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग, बेंगलुरु के तत्वावधान में 23 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का मुख्य विषय “सतत भविष्य के लिए रेशम” (Silk for a Sustainable Future) है। कांग्रेस एवं सिल्क मार्क एक्सपो-2026 का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह द्वारा 23 नवंबर को श्रीमती पद्मिनी सिंगला, आईएएस, संयुक्त सचिव (रेशा), वस्त्र मंत्रालय एवं उपाध्यक्ष, केंद्रीय रेशम बोर्ड; श्री पी. शिवकुमार, आईएफएस, सदस्य सचिव, केंद्रीय रेशम बोर्ड एवं महासचिव, अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग; युगांडा के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार मंत्री इंजीनियर जोनार्ड असीम्वे अकीकी तथा विभिन्न देशों के विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कांग्रेस में जापान, अमेरिका, रोमानिया, युगांडा, केन्या, फ्रांस, उज्बेकिस्तान एवं थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के लगभग 350 वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों एवं रेशम उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने अपने उद्घाटन संबोधन में वैश्विक रेशम मूल्य शृंखला में हरित ऊर्जा, पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकियों एवं सतत उत्पादन प्रणालियों को अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने वैज्ञानिकों से पारंपरिक रेशम उत्पादन के साथ-साथ केला, अनानास एवं कमल से प्राप्त रेशम सदृश प्राकृतिक रेशों की संभावनाओं पर अनुसंधान करने का आह्वान किया। उन्होंने आधुनिक प्रौद्योगिकियों, जैविक कृषि आदानों, प्राकृतिक रंगों, उत्पादों की अनुरेखणीयता एवं अपशिष्टों के पुनः उपयोग के माध्यम से रेशम उद्योग के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक सहयोग एवं समावेशी विकास की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने वैश्विक विकास में अफ्रीकी देशों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इस संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान एवं विकासशील देशों के बीच साझेदारी की संभावनाओं को विशेष महत्व दिया गया। कांग्रेस के उद्देश्य भारत को सतत एवं नवाचार आधारित वैश्विक रेशम उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ एवं ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण हैं।कार्यक्रम में ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सृजन में रेशम उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए मूल्य संवर्धित रेशम उत्पादों के विकास, अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने रेशम मंडी, फाइब्रोहील, लूपवर्म एवं सेरीग्रीन जैसे भारतीय स्टार्टअप्स के योगदान की सराहना की। साथ ही, बाजार में कृत्रिम रेशम की बढ़ती उपलब्धता पर चिंता व्यक्त करते हुए शुद्ध रेशम उत्पादों की पहचान के लिए ‘सिल्क मार्क’ प्रमाणन के प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।श्रीमती पद्मिनी सिंगला, संयुक्त सचिव, वस्त्र मंत्रालय एवं उपाध्यक्ष, केंद्रीय रेशम बोर्ड ने अपने संबोधन में भारत के रेशम उत्पादन एवं निर्यात क्षेत्र की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेशम की प्राकृतिक एवं जैव अपघटनीय विशेषताओं को रेखांकित करते हुए जल संरक्षण प्रौद्योगिकियों, स्वचालन, वैज्ञानिक रोग प्रबंधन, किसानों को उनके उत्पादों का पारदर्शी एवं उचित मूल्य उपलब्ध कराने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। पी. शिवकुमार, सदस्य सचिव, केंद्रीय रेशम बोर्ड एवं महासचिव, अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग ने अपने स्वागत संबोधन में वैश्विक रेशम उद्योग के सतत विकास के लिए वैज्ञानिक नवाचार एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ उन्होंने वस्त्र सचिव श्रीमती नीलम शमी राव का संदेश भी साझा किया, जिसमें विश्व के 35 रेशम उत्पादक देशों में रेशम उत्पादन से प्राप्त उपोत्पादों के व्यावसायिक उपयोग एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। शिवकुमार ने जीवन चक्र आकलन (Life Cycle Assessment) के संदर्भ में रेशम उत्पादन के विभिन्न चरणों में जल, ऊर्जा एवं रसायनों के उपयोग से संबंधित पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान, वैश्विक सततता मानकों तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था आधारित प्रौद्योगिकियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छोटे एवं सीमांत रेशम उत्पादक किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण अनुकूल उत्पादन प्रणालियों के विकास की आवश्यकता भी बताई।उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री द्वारा रेशम विज्ञान, तकनीकी नवाचार एवं रेशम उद्योग के विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले भारत, जापान, थाईलैंड एवं उज्बेकिस्तान के आठ विशिष्ट व्यक्तियों को आईएससी वैश्विक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।केंद्रीय रेशम बोर्ड की देहरादून स्थित इकाइयों से डॉ. पवन सैनी, वैज्ञानिक-डी एवं प्रभारी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर; डॉ. विक्रम कुमार, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-3 मूल बीज प्रक्षेत्र, माजरा; डॉ. अभिषेक सिंह, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-2 मूल बीज प्रक्षेत्र, शीशमबाड़ा तथा श्री राहुल पाल, वैज्ञानिक-बी एवं प्रभारी, रेशम तकनीकी सेवा केंद्र, प्रेमनगर ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।23 से 25 नवंबर तक आयोजित वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्रों में इन वैज्ञानिकों ने शहतूत एवं रेशमकीट फसल संरक्षण, उत्तराखंड की कृषि-जलवायु परिस्थितियों में प्रतिवर्ष रेशमकीट पालन की फसलों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं, मूगा रेशम उत्पादन तथा कोसोत्तर प्रौद्योगिकी से संबंधित अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। इन शोध प्रस्तुतियों में रेशम उत्पादन की उत्पादकता बढ़ाने, फसल स्थिरता सुनिश्चित करने, रेशम की गुणवत्ता में सुधार तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी हस्तक्षेपों के महत्व को रेखांकित किया गया।कांग्रेस के वैज्ञानिक कार्यक्रम के अंतर्गत आठ विशिष्ट तकनीकी सत्रों में 121 मौखिक शोध प्रस्तुतियों एवं 108 वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुतियों को शामिल किया गया। श्रीमती पद्मिनी सिंगला की अध्यक्षता में वैश्विक रेशम उत्पादन के भावी विकास की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से एक विशेष विचार-विमर्श सत्र भी कार्यक्रम में शामिल किया गया।कांग्रेस के दौरान केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव श्री पी. शिवकुमार ने वैज्ञानिकों से विदेशी प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित करने, वैज्ञानिक ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने तथा भारतीय रेशम उद्योग के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।देहरादून से प्रतिभाग करने वाले वैज्ञानिकों ने विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं रेशम उद्योग के विशेषज्ञों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया तथा उत्तराखंड में रेशम उत्पादन के विकास के लिए नवीन अनुसंधान अवधारणाओं एवं उभरती प्रौद्योगिकियों की जानकारी प्राप्त की। विशेष रूप से जलवायु अनुकूल रेशम उत्पादन, वैज्ञानिक रोग एवं कीट प्रबंधन, बहुफसलीय रेशमकीट पालन, मूगा रेशम उत्पादन के माध्यम से विविधीकरण, कार्बन उत्सर्जन में कमी, प्राकृतिक संसाधनों के कुशल उपयोग, रेशम उपोत्पादों के मूल्य संवर्धन तथा आधुनिक कोसोत्तर प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।यह अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस रेशम उत्पादन के विभिन्न क्षेत्रों में वैज्ञानिक ज्ञान के आदान-प्रदान, नवीन अनुसंधान अवधारणाओं के विकास, उभरती प्रौद्योगिकियों की जानकारी तथा अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई।कांग्रेस से प्राप्त वैज्ञानिक ज्ञान, नवीन अनुसंधान अवधारणाओं एवं अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का उपयोग उत्तराखंड में रेशम उत्पादन के सतत विकास, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को सुदृढ़ करने, किसानों की उत्पादकता एवं आय बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में किया जा सकेगा। देहरादून स्थित केंद्रीय रेशम बोर्ड की चारों इकाइयों की सक्रिय सहभागिता राज्य में रेशम उत्पादन के समग्र विकास एवं आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।