गाजीपुर जमानियां । कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरूईन में शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब गिट्टी लदा एक अनियंत्रित ट्रेलर नेशनल हाईवे-24 से सटे रिहायशी इलाके में घुसकर पलट गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर का अगला दाहिना टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर पहले 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकराया, उसे तोड़ते हुए आगे बढ़ा और संगठा सिंह की दुकान का बोर्ड उखाड़ दिया। इसके बाद विक्की यादव की बाउंड्री दीवार को क्षतिग्रस्त करते हुए एक हाते में जाकर पलट गया।
हादसे के बाद सड़क किनारे गिट्टी फैल जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां लोग मौजूद होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।read more:https://pahaltoday.com/cows-milk-is-the-nectar-of-the-earth/
हादसे में चालक गुड्डू बिंद (निवासी दरूनपुर बहुवरा, थाना चांदपुर, कैमूर) को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। चालक के मुताबिक वह मिर्जापुर से गिट्टी लादकर चौसा स्थित एलएनटी पावर प्लांट जा रहा था, तभी अचानक टायर फटने से यह हादसा हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, ट्रेलर की टक्कर से संगठा सिंह के मकान की नींव तक हिल गई, जिससे परिजनों में दहशत का माहौल है।