बहराइच। जनपद में फर्जी कंपनी बनाकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली नानपारा क्षेत्र के लिनकोठी का है, जहां “गुडवेंचर इंडिया निधि लिमिटेड” के नाम से एक फर्जी कंपनी की शाखा संचालित की जा रही थी। आरोप है कि कंपनी ने ग्रामीणों को बोनस और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे बड़ी रकम जमा करवाई।ग्रामीणों ने भरोसा कर कंपनी के खाते में कुल 6 लाख 3 हजार 300 रुपये जमा कर दिए। जब लोगों ने अपनी जमा राशि वापस मांगनी चाही, तो कंपनी के संचालकों ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया।पीड़ितों द्वारा न्यायालय का सहारा लेने पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें बहराइच निवासी अमरलाल, दलीप और अनिल, जबकि श्रावस्ती निवासी छोटेलाल यादव शामिल हैं।कोतवाली नानपारा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।