चंबा: हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में खाने-पीने के शौकीनों की सेहत से खिलवाड़ न हो, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले के दौरान विभिन्न दुकानों, स्टॉलों और रेहड़ियों पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीम ने व्यापक स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग के दौरान चावल, बिरयानी, चिकन, मोमोज, जलेबी, बर्फी, पकौड़े, चटनी, बिस्कुट और रस्क जैसे रोज़ाना बिकने वाले कुल 46 खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए कंडाघाट स्थित सीटीएल प्रयोगशाला (CTL Kandaghat) भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से मेले में मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों व विक्रेताओं में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जांची गई तीन खाद्य सामग्रियों की रिपोर्ट मानकों पर खरी नहीं उतरी थी। इनमें से एक बर्फी का सैंपल सब-स्टैंडर्ड पाया गया था जिसमें तय सीमा से कम फैट मौजूद था, जबकि एक रेहड़ी से लिया गया बादाम शेक का सैंपल मानव स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह असुरक्षित घोषित किया गया था, क्योंकि उसमें निर्धारित मानकों से अत्यधिक कृत्रिम रंगों का प्रयोग हुआ था।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/मामले की जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा विंग चंम्बा के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने बताया कि मिंजर मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में सभी को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मेले के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता व पर्यटकों से अपील की है कि वे अत्यधिक कृत्रिम रंगों वाले या संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। साथ ही यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को भोजन की गुणवत्ता को लेकर कोई भी शिकायत हो, तो वह तुरंत विभाग के कार्यालय में संपर्क कर या लिखित शिकायत दर्ज करवा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवा सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें लैब भेजी गई 46 सैंपलों की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 46 खाद्य सैंपल जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजे
ReplyForward