टोल प्लाजाओं पर चला सघन चेकिंग अभियान, 123 चालान कर वसूला ₹9.05 लाख जुर्माना

Share
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस सहारनपुर ने जिले के सभी प्रमुख टोल प्लाजाओं पर विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। दो दिन तक चले इस अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का प्रयोग करने तथा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 123 चालान किए गए और लगभग 9 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में 30 और 31 मई की रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जिले के प्रमुख टोल प्लाजाओं—सैय्यद माजरा टोल, गणेशपुर टोल, कोलकी टोल और सरसावा टोल प्लाजा—पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच की।
चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने के 26 मामलों में चालान कर 2.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 18 वाहनों के चालान कर 1.80 लाख रुपये, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर के 14 मामलों में 1.40 लाख रुपये तथा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले 65 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने केवल प्रवर्तन कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से पुलिस अधिकारियों ने हालचाल पूछा और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। इस पहल को “मीट एंड ग्रीट” नाम दिया गया। महिलाओं और परिवारों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी।read more:https://pahaltoday.com/women-and-girls-were-made-aware-under-mission-shakti-phase-5/
चेकिंग स्थलों पर लाउड हेलर के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी प्रसारित की गई और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा नियमों के पालन की भी सलाह दी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन में अनधिकृत संशोधन न कराएं और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
यातायात विभाग के अनुसार नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *