मैं विधायक का आदमी हूं, पुलिस से अच्छे संबंध हैं, पूरी जिंदगी नौकर बनाकर रखूंगा

Share

सोनभद्र। मैं विधायक का आदमी हूं। मेरा पुलिस विभाग में सबसे जान पहचान है। 10 लाख लगा दूंगा, लेकिन तुमको अपने यहां नौकर बनाकर जिंदगी भर रखूंगा। यह कथित आरोप बनारस पाली हास्पिटल के डायरेक्टर, पार्टनर और एक स्टाप पर पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भवानीगांव निवासी संतोष देव पांडेय ने लगाया है। बुधवार को चुर्क पुलिस लाइन पहुंचे भवानीगांव निवासी श्री पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित सौंपे प्रार्थना पत्र में हास्पिटल के उक्त तीनों लोगों पर अपना बकाया रूपए मांगने पर जान से मारने की धमकी देने व रात्रि में उसका पीछा करने का भी गंभीर आरोप लगाया लगाया है।read more:https://pahaltoday.com/pm-modi-appeals-for-protection-from-scorching-heat/भवानीगांव निवासी पीड़ित संतोष देव पांडेय ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह बनारस पाली हॉस्पिटल में स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। हॉस्पिटल के डायरेक्टर सूर्य प्रकाश पांडेय व पार्टनर प्रशांत पांडे ने उन्हें अधिक लाभ का लालच देकर पैसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया। बेटी की शादी और आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद में उन्होंनेे केसीसी लोन लेकर करीब पांच लाख रुपए की व्यवस्था की। पीड़ित के अनुसार उसने ढ़ाई लाख रुपए ऑनलाइन सूर्य प्रकाश पांडेय के खाते में ट्रांसफर किए, जबकि ढ़ाई लाख रुपए नकद प्रशांत पांडेय को दिए। इसके अलावा अस्पताल के स्टाफ प्रभाकर दुबे को भी 50 हजार रुपए ऑनलाइन भुगतान किया। आरोप है कि दो-तीन माह बीतने के बाद भी कोई लाभांश नहीं मिला। जब उसने रुपए वापस मांगे तो एक लाख रुपए का चेक देकर बाकी रकम बाद में लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। अब रूपए मांगने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। रात के समय गाड़ियों से पीछा कर घर तक आने का आरोप लगाते हुए उसने कहा कि पूरा परिवार भय और तनाव में जी रहा है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि हास्पिटल के उक्त लोगों द्वारा अपने आप को विधायक का आदमी बताया जाता है। उनके द्वारा कहा जाता है कि उनका पुलिस से अच्छे संबंध हैं। तुम्हे जान से मार दूंगा या फिर जिंदगी भर नौकर बनाकर रखूंगा। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उधर पीड़ित द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर हास्पिटल के डायरेक्टर, पार्टनर व उक्त कर्मी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन मौजूद नहीं मिले। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *