भदोही। वरिष्ठ कालीन निर्यातक उमेश कुमार गुप्ता ‘मुन्ना’ को अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एकमा) का अध्यक्ष बनाए जाने पर सोमवार को नगर पालिका परिषद भदोही के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार जायसवाल ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया और बधाई दी। इस दौरान पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार जायसवाल ने कहा कि उमेश कुमार गुप्ता ‘मुन्ना’ एक अनुभवी कालीन निर्यातक है। जो काफी वर्षों से इस उद्योग से जुड़े हुए हैं। वे कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के कई वर्षों तक सदस्य रह चुके हैं। उनको आल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोशिएशन (एकमा) का अध्यक्ष बनाए जाने से कालीन उद्योग को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कालीन उद्योग के सामने जो भी समस्याएं हैं। उन समस्याओं से वे भली-भांति परिचित हैं। उन समस्याओं के समाधान का उनके द्वारा प्रयास किया जाएगा। शासन-प्रशासन के माध्यम से वे सभी समस्याओं का समाधान कराएंगे। read more:https://pahaltoday.com/complex-disease-care/
श्री जायसवाल ने कहा कि उमेश कुमार गुप्ता ‘मुन्ना’ के अनुभव और नेतृत्व से कालीन उद्योग को नई दिशा मिलेगी। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे कालीन बुनकरों, श्रमिकों के साथ ही साथ निर्यातकों तक पहुंचेगा। कालीन उद्योग से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यशाला एकमा में आयोजित कराकर निर्यातकों की समस्याओं को उन विभागों के अधिकारियों के समझ रखकर उसका समाधान कराएंगे। एकमा अध्यक्ष चुने जाने पर उमेश कुमार गुप्ता ‘मुन्ना’ ने सभी निर्यातकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उत्साहवर्धन के लिए उन्होंने पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार जायसवाल को धन्यवाद दिया। कहा कि कालीन उद्योग का विकास हमारा मकसद है। इसी संकल्प के साथ काम किया जाएगा।
इस मौके पर नगर पंचायत नई बाज़ार के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कालीन निर्यातक दिलीप गुप्ता, सभासद अरविंद मौर्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।