जखनियां/गाजीपुर। छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और महाविद्यालय में छात्र संख्या वृद्धि के उद्देश्य से सोमवार को पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा, गाजीपुर द्वारा विशेष जागरूकता एवं संपर्क अभियान चलाया गया। यह अभियान राज्यपाल एवं कुलाधिपति के निर्देश तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।read more:https://pahaltoday.com/maharana-pratap-was-an-example-of-bravery-and-sacrifice-aviral-singh/
अभियान के तहत 11 मई 2026 को महाविद्यालय के प्राध्यापकगण राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं से संवाद स्थापित कर उच्च शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। प्राध्यापकों ने छात्राओं को स्नातक शिक्षा के लाभ बताते हुए पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। प्राध्यापकों ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि स्किल डेवलपमेंट, कैरियर मार्गदर्शन और रोजगारपरक शिक्षा भी सफलता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने तथा अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने के लिए उच्च शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया। संपर्क अभियान का नेतृत्व प्रो. रमेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में प्रो. प्रकाश चन्द्र पटेल, डॉ. धनंजय उपाध्याय, डॉ. धर्मेन्द्र सरोज सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण मौजूद रहे। अभियान के दौरान छात्राओं में उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली और उन्होंने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।