अमेठी। गायत्री शक्तिपीठ में चल रहे प्रज्ञा पुराण कथा एवं गायत्री महायज्ञ का समापन रविवार शाम भव्य दीपोत्सव के साथ हुआ। अमेठी के घर-घर से आए हजारों दीपों से पूरा परिसर जगमगा उठा, वहीं सैकड़ों लोगों ने युग निर्माण का संकल्प लिया।15 अप्रैल से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह शुरू हुआ हवन दोपहर तक चलता रहा, जिसमें हजारों लोगों ने आहुति दी और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शाम को आयोजित दीप महायज्ञ में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अंतिम दिन कथा में आचार्य कैलाश नाथ तिवारी ने भक्ति और आस्था का महत्व बताते हुए श्रेष्ठ जीवन जीने का संदेश दिया तथा लोगों को नियमित जप, अध्ययन और समाज निर्माण के कार्यों में भागीदारी का संकल्प दिलाया। दीप महायज्ञ के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूम उठे और पूर्णाहुति के समय अपनी एक बुराई त्यागने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रानी अमीता सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि सहित कई अन्य गणमान्य उपस्थित रहे