धामपुर (बिजनौर)।थाना धामपुर पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर एक परिवार को भयभीत कर करीब 70 लाख रुपये हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कथित ‘पहाड़ी पंडित’ समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 4 हजार रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
बच्चे की बीमारी का फायदा उठाकर फैलाया अंधविश्वास का जाल
ग्राम नांगला नैंसी निवासी संदीप कुमार ने 1 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके बेटे यक्ष की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी दौरान उसके परिचित मोनू चौधरी ने उसे एक ‘पहाड़ी पंडित’ से मिलवाया। आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत बच्चे की जान को गंभीर खतरा बताकर पूरे परिवार में मौत का खौफ पैदा कर दिया। तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के नाम पर पीड़ित परिवार को दारागंज, हरिद्वार और श्यामपुर कांगड़ी स्थित काली माता मंदिर ले जाया गया।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
मकान और जेवर बिकवाकर ऐंठे 70 लाख रुपये
आरोपियों ने अनिष्ट का भय दिखाकर संदीप कुमार का धामपुर स्थित मकान 38 लाख रुपये में बिकवा दिया। इसके अलावा पत्नी के 13 तोले सोने व 500 ग्राम चांदी के जेवरात करीब 14 लाख रुपये में बिकवाए गए। आरोपियों ने पीड़ित की नौकरी पर 13 लाख रुपये का लोन भी करवा लिया और पूजा सामग्री के नाम पर करीब 5 लाख रुपये अलग से ऐंठ लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 70 लाख रुपये ठग लिए। किसी को बताने पर ‘काली माता के प्रकोप से पूरे परिवार की मौत’ होने की धमकी देकर बाकायदा ₹10 के स्टांप पेपर पर लिखवा भी लिया था।पुलिस व स्वाट टीम ने सटीक सूचना पर जाल बिछाकर चारों आरोपियों को धर दबोचा। संजय शर्मा उर्फ पहाड़ी पंडित (मूल निवासी रफी सराय, चांदपुर; हाल निवासी गायत्री विहार, कनखल, हरिद्वार, उत्तराखंड), मोनू चौधरी उर्फ देशपाल (निवासी ग्राम भटौली, थाना नगीना देहात)
यश चौधरी (निवासी गजुपुरा, थाना धामपुर), कोमल सिंह (निवासी साकेत विहार कॉलोनी, धामपुर) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी के 1 लाख 4 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त डिजायर कार (UP 20 CJ 9771) बरामद की है। धामपुर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं (318(4), 351(3), 61(2), 308(5), 317(2)) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।