शेरकोट । धामपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा से विधायक पद के दावेदार माने जा रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने गुरुवार को शेरकोट पहुंचकर स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क किया। इस दौरान वह कुंवर संजय गहलौत के आवास पर पहुंचे, जहां क्षेत्र के कई लोगों ने उनसे मुलाकात की।मुलाकात के दौरान दिनेश कुमार सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने सरकार की ओर से संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य आम जनता तक सुविधाएं पहुंचाना है। साथ ही उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभिन्न पदों पर रहते हुए किए गए कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। पूर्व आईएएस अधिकारी ने क्षेत्र के लोगों से बातचीत कर स्थानीय परिस्थितियों और जनसमस्याओं के बारे में भी चर्चा की। उनके शेरकोट आगमन को धामपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव से पहले बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा में टिकट की दावेदारी को लेकर भी उनके इस जनसंपर्क कार्यक्रम की राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। इस अवसर पर शरद चन्द्र शर्मा, कुंवर इंद्रजीत सिंह, दुष्यंत चौहान, पुनीत वर्मा, दिनेश वर्मा, शिराज अहमद, प्रदीप रस्तौगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।