सहारनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा संबंधित विभाग बिना विलंब के उनका समाधान करें। उन्होंने खाद एवं उर्वरकों की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार कराने और अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक होगी। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 16 से 30 जुलाई तक कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र कुमार वर्मा ने धान की फसल में संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक उपाय बताए।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/प्रगतिशील किसान संजय सैनी ने सहजन (मोरिंगा) सहित औषधीय फसलों की खेती को लाभकारी बताते हुए किसानों को इसकी खेती अपनाने की सलाह दी। बैठक में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने बिजली, सिंचाई, लोक निर्माण, गन्ना एवं जल शक्ति मिशन विभाग से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के लगभग 150 किसान उपस्थित रहे।