सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र के गांव नया कुंडा स्थित राणा फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक हसन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने, निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने, प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण कराने तथा मजदूरों की सुरक्षा की अनदेखी करने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को थाना गंगोह में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा संख्या 355ध्2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288, 105 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5ध्9-बी के तहत दर्ज किया गया था। आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण विस्फोट हुआ, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर अब भी लापता हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक देहात एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को दूधला-गंगोह रोड स्थित सत्संग भवन के पास से आरोपी हसन को गिरफ्तार कर लिया।readmore:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसन पुत्र नौसेर अली, निवासी मकान संख्या 324, असालतपुर फर्रूखनगर, थाना टीला मोड़, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले हुए इस भीषण विस्फोट में फैक्ट्री के कई हिस्से पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे। धमाका इतना तेज था कि मृतकों के शवों के अवशेष काफी दूर तक बिखर गए थे। घटना के बाद से प्रशासन, पुलिस, फायर विभाग और अन्य एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस पहले ही फैक्ट्री से विस्फोटक सामग्री जब्त कर चुकी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक राठी, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल उदित मलिक तथा हेड कांस्टेबल अंकुश गोदारा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।