आपदा प्रबंधन को लेकर दिया गया दिव्य प्रशिक्षण

Share
ललितपुर। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को आपदा प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में पुलिस, फायर, होमगार्ड, पीआरडी, यातायात तथा वायरलेस विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में करीब 110 अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा लोगों की जान बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों और उपायों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन आरआई लाइन अनुभव त्रिपाठी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ) की आठवीं वाहिनी गाजियाबाद तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। भूकंप और बाढ़ से बचाव की दी जानकारी। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने भूकंप, बाढ़, आकाशीय बिजली, सूखा तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय किस प्रकार तत्काल निर्णय लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। विशेषज्ञों ने भूकंप जैसी आपदा के दौरान सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, भवनों से सुरक्षित निकासी तथा प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों पर भी चर्चा की। वहीं बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य संचालित करने की प्रक्रिया समझाई गई। घायलों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक उपचार पर जोर प्रशिक्षण में दुर्घटना अथवा आपदा के दौरान घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, रेस्क्यू करने तथा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के व्यावहारिक तरीकों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आपात स्थिति में समय पर सीपीआर उपलब्ध कराकर कई मामलों में जनहानि को रोका जा सकता है। प्रतिभागियों को सीपीआर देने की प्रक्रिया, सावधानियां और इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि आपात स्थिति में प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा सही समय पर सीपीआर दिए जाने से पीड़ित व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। आकाशीय बिजली से बचाव के बताए उपाय प्रशिक्षण के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) से बचाव को लेकर भी विशेष जानकारी दी गई।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ बारिश और खराब मौसम के दौरान किन स्थानों पर जाना सुरक्षित है तथा किन परिस्थितियों में सावधानी बरतनी चाहिए, इसके बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के अलावा मानवजनित आपदाओं के दौरान भी राहत एवं बचाव कार्य को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की जानकारी दी गई। आपात स्थिति में सीपीआर की उपयोगिता बताई प्रशिक्षकों ने बताया कि आपात स्थिति में समय पर सीपीआर देने से कई मामलों में जनहानि को रोका जा सकता है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सीपीआर देने की प्रक्रिया के साथ-साथ इससे जुड़ी सावधानियों और आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी रहे मौजूद कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह, रेडियो प्रभारी निरीक्षक समीर गुप्ता पुलिस लाइन जनपद ललितपुर ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में विभिन्न तहसीलों, थानों और चौकियों से आए अधिकारी-कर्मचारी सहित करीब 110 लोग उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा के समय पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों- कर्मचारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार करना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की क्षमता को मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *