सहारनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के जोगियान पुल के पास रविवार देर रात किराए के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ई-रिक्शा चालक और सवारी के बीच किराए को लेकर हुए विवाद में सवारी ने चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10रू30 बजे जोगियान पुल के पास ई-रिक्शा चालक पर चाकू से हमले की सूचना मिली। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि दानिश, निवासी थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र, ई-रिक्शा में सवार होकर जा रहा था। रास्ते में किराए को लेकर उसका चालक साजिद उर्फ बिहारी, निवासी थाना कोतवाली देहात क्षेत्र, से विवाद हो गया।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दानिश ने चाकू निकालकर साजिद पर कई वार कर दिए। हमले में साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दानिश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला किराए के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। हालांकि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरी घटना की पुष्टि की जा सके। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।