भदोही। जनपद में निर्माणाधीन 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय के निर्माण में लापरवाही और धीमी प्रगति पर डीएम शैलेश कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश निर्माण निगम सोनभद्र इकाई के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को डीएम ने अस्पताल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ.संतोष कुमार चक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अनिल कुमार सिंह और एक्सईएन लोक निर्माण विभाग संदीप सरोज मौजूद रहे। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि इस परियोजना के लिए 770.99 लाख रुपए स्वीकृत हैं और यह एसआईटी से आच्छादित है। मौके पर अस्पताल भवन के पीछे नर्सिंग हॉस्टल और आवासीय भवनों का निर्माण प्रगति पर मिला। डीएम ने निर्देश दिया कि निर्माण स्वीकृत एस्टीमेट और ले-आउट प्लान के अनुरूप ही कराया जाए।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/निरीक्षण के दौरान टाइप-2 आवास, सीएमओ आवास और सीएमएस आवास का कार्य बेहद धीमा मिला, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तेजी लाने को कहा। निर्माण में खराब गुणवत्ता की ईंटें प्रयोग होती मिलीं, जिस पर उन्होंने तत्काल सभी ईंटों को हटाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस परियोजना में किसी भी स्तर पर मानक और गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। कार्यदाई संस्था को नोटिस जारी कर पर्याप्त मजदूर लगाकर समय-सीमा में कार्य पूरा करने की चेतावनी दी गई। निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने 50 शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाकर मानक के अनुरूप समयबद्ध कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य परियोजनाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।